सुबह जनता कर्फ्यू लगा और जोधपुर में कोरोना ने दस्तक दी। शहर के शास्त्रीनगर से पहला पॉजिटिव केस सामने आया। तुर्की से लौटे इस युवक ने शहर के लोगों के साथ प्रशासन की नींद भी उड़ा दी। अगले दिन इसी के दो रिश्तेदार भी पॉजिटिव आए और शहर में कोरोना का असर बढ़ने लगा। जब स्थानीय निवासी पॉजिटिव आने शुरू हुए तो कोरोना का असर भी रिश्तेदारी में ज्यादा बढ़ा। शहर में बढ़ी इस वायरस की डोर में सबसे ज्यादा संक्रमित आपस में रिश्तेदार हैं।
अभी तक हुई कांटेक्ट ट्रेसिंग और सर्वे में चार पॉजिटिव से उनके 14 रिश्तेदार व तीन निकट के लोग के संक्रमित होने की बात सामने आई है। यही कारण है कि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग इनकी चेन को लंबी होने से रोकने की कोशिश तो कर रहा है, लेकिन सफलता उतनी नहीं मिल रही। एक चेन से जुड़े लोगों की तलाश होती है, उतने में दूसरी चेन आगे बढ़ जाती है।
शहर के 5 स्थानीय निवासियों को कोरोना होने के बाद कैसे दूसरे लोग आए चपेट में, इनसे जानिए...
1. उर्मिला : 31 मार्च को पॉजिटिव आई उसके बाद पति और बच्ची (प्रज्ञा और आरके श्रीवास्तव ) दोनों 4 अप्रैल को पॉजिटिव आईं। इसके साथ पड़ाेसी गोपाल दवे भी पॉजिटिव आए।
गोपाल दवे 5 अप्रैल को पॉजिटिव आए। उर्मिला के पति आरके श्रीवास्तव व दवे दोनों गोयल अस्पताल में इलाज ले रहे थे। इसके चलते वहां भी दो नर्सिंग स्टाफ को कोरोना पॉजिटिव आए।
2. नगमा : एक अप्रैल को पॉजिटिव आई। 18 मार्च को अपनी बेटी का इलाज कराने अहमदाबाद गई। वहां से 21 को लौटी। अपने घर गई जहां उनकी भाभी सिमरन, उनके दो किरायेदार सिमरन और अब्दुल हमीद व चाचा इस्लामुद्दीन, चाची शबनम भी पॉजिटिव आईं। प्रशासन ने नगमा की जांच के बाद क्लाेज कॉन्टैक्ट में सभी की जांच कराई। यह सभी 4 अप्रैल को पॉजिटिव आए।
3. अब्दुल हमीद: रैंडम सैंपलिंग में प्रशासन ने पकड़ा। 5 अप्रैल को रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद परिवार की जांच के सैंपल लिए और जांच कराई। शाम काे रिपोर्ट में उनके बेटे-बहू और पोता-पोती अब्दुल खालीद-नसीम बानो, मोहम्मद इस्माइल-आयशा (बेटे-बहू), मो. आदिल, नसीम और आयशा (पोते-पोती) पॉजिटिव आए।
4. अजयसिंह: रैंडम सैंपलिंग में प्रशासन ने पकड़ा। 6 अप्रैल को रिपोर्ट पॉजिटिव आई। शाम को आई रिपोर्ट में उसकी बहन शीतल भी पॉजिटिव आई।
5. रूखसाना: 7 अप्रैल को पॉजिटिव आई। इसके बाद उसके आस-पास, रिश्तेदारों और घरों वालों के सैंपल रिपोर्ट लिए। रुखसाना की सास रशीदा भी 7 अप्रैल को पॉजिटिव आईं।